
दिल्ली विधानसभा की विधायक एवं विपक्ष की नेता आतिशी के वीडियो को तकनीक के द्वारा तोड़-मरोड़ कर अपलोड और प्रसारित करने के संबंध में जालंधर पुलिस कमिश्नरेट में एफ.आई.आर. दर्ज की गई है।
जालंधर पुलिस कमिश्नरेट के प्रवक्ता ने बताया कि श्री इकबाल सिंह की शिकायत पर दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता एवं विधायक श्रीमती आतिशी के एक वीडियो को तोड़-मरोड़ कर तथा तकनीकी रूप से बदलकर गलत ढंग से अपलोड एवं प्रसारित करने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी को गुरुओं के विरुद्ध कथित रूप से अपमानजनक और निंदनीय टिप्पणियां करते हुए दिखाते हुये भड़काऊ सुर्खियों के साथ एक छोटी वीडियो क्लिप वाली कई पोस्टें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर अपलोड/प्रसारित की गई हैं।
प्रवक्ता ने आगे बताया कि इस वीडियो क्लिप की वैज्ञानिक तरीके से जांच की गई है और श्रीमती आतिशी की ऑडियो वाली यह वीडियो क्लिप श्री कपिल मिश्रा के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से डाउनलोड कर फोरेंसिक जांच हेतु निदेशक, फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी, पंजाब, एसएएस नगर को भेजी गई थी।










