डेली टीवी, तरनतारन / अमृतसर।तरनतारन जिले में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच हरबिंदर सिंह की चचेरे भाई की शादी के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार को सिद्धू फार्म में चल रहे समारोह में जब हरबिंदर सिंह स्टेज पर दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ डांस कर रहे थे, तभी हमलावर भीड़ में घुस आए और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने हरबिंदर सिंह के पेट और सिर में चार गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले के दौरान उनके चचेरे भाई जर्मनजीत सिंह ने पीछा किया तो आरोपियों ने उसके पेट में भी गोली मार दी।
गंभीर रूप से घायल जर्मनजीत को इलाज के लिए अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, वारदात में चार आरोपी शामिल थे, जिनमें से एक के पास AK-47 जैसा हथियार बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।










