शराब तस्करी के करीब 12 मामले पहले से दर्ज होने का दावा, बस्ती बावा खेल-कपूरथला रोड पर चल रहा था अवैध कारोबार
डेली टीवी, जालंधर। जालंधर में अवैध शराब की बिक्री का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने दुकान किराए पर लेकर बिना अनुमति शराब का ठेका खोल रखा था और ग्राहकों को इसे वैध ठेका बताकर शराब बेच रहा था। बताया जा रहा है कि यह दुकान बस्ती बावा खेल के कपूरथला रोड पर एक बैंक की इमारत के नीचे स्थित है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद शराब ठेकेदारों ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस ने छापेमारी कर कथित अवैध ठेके से 20 पेटी शराब बरामद की।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलदीप सिंह पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी मकान नंबर 140, राज नगर, बस्ती बावा खेल, जालंधर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी शराब तस्करी से जुड़े करीब 12 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि अवैध रूप से शराब बेचने के इस कारोबार में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।









