डेली टीवी, जालंधर। शहर के बस्ती गुजा इलाके में देर रात एक युवती से छेड़छाड़ और चेन स्नैचिंग की कोशिश का मामला सामने आया है। युवती के अनुसार वह घर लौट रही थी, तभी एक्टिवा सवार एक युवक ने दिलबाग नगर का रास्ता पूछने के बहाने उससे बातचीत शुरू की।


आरोप है कि बात करते-करते उसने गलत हरकतें करनी शुरू कर दीं और विरोध करने पर युवती के गले में हाथ डालकर चेन छीनने की कोशिश की।
युवती ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत शोर मचाया और परिजनों को फोन कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को घेरकर काबू कर लिया। गुस्साए लोगों ने युवक की जमकर पिटाई की।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवती ने भी साहस का परिचय देते हुए आरोपी को थप्पड़ और चप्पल से मारा। घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें युवक को एक्टिवा पर युवती से बात करते देखा जा सकता है।
सूचना मिलने पर थाना नंबर 5 की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि युवती और उसके परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










