डेली टीवी, जालंधर। पंजाब के मोहाली स्थित गुरुद्वारा साहिब अंब की जमीन बिक्री को लेकर विवाद और गहरा गया है। इसी मामले में ज्ञानी रघुबीर सिंह ने जालंधर में प्रेस वार्ता कर शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए।

ज्ञानी रघुबीर सिंह ने कहा कि गुरुद्वारा साहिब की बेशकीमती जमीन की बिक्री सिख संगत की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अधीन आने वाली जमीनों का गलत तरीके से सौदा कर निजी हित साधे जा रहे हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने 328 पावन स्वरूपों के लापता होने का पुराना मुद्दा भी दोहराया और कहा कि यह मामला लंबे समय से सिख संगत में आक्रोश का कारण बना हुआ है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच, पारदर्शिता और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस बयान के बाद पंजाब के धार्मिक और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासत और गरमाने के आसार हैं।










