डेली टीवी, लुधियाना / पटियाला। पंजाब पुलिस ने गैंगस्टरों और संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लुधियाना और पटियाला में अलग-अलग मुठभेड़ों के बाद कुल 5 कुख्यात शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है।

इस सख्त कार्रवाई से प्रदेश में बड़ी आपराधिक वारदातों की साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया।लुधियाना के हैबोवाल इलाके में रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने रोहित गोदारा गैंग से जुड़े तीन बदमाशों को मुठभेड़ के बाद काबू किया।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी किसी बड़ी वारदात की तैयारी में हैं। नाकाबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए, जबकि तीसरे को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से पिस्टल, जिंदा कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
वहीं दूसरी ओर पटियाला में पुलिस ने गोल्डी ढिल्लों गैंग के दो शूटरों को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसमें एक गोली पुलिस वाहन की विंडशील्ड पर जा लगी।
जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटर घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनके पास से इटली मेड पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने साफ संदेश दिया है कि पंजाब में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है और गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है।










