डेली टीवी, जालंधर। जालंधर के सुंदर नगर इलाके में एक ही क्वार्टर में रहने वाली तीन नाबालिग लड़कियों के लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। लापता लड़कियों में 12 और 13 वर्ष की दो सगी बहनें शामिल हैं, जो क्रमशः चौथी और पांचवीं कक्षा की छात्राएं हैं, जबकि तीसरी 16 वर्षीय उनकी सहेली बताई जा रही है।

परिजनों को उस समय घटना का पता चला, जब वे रोज़ की तरह काम से लौटे और घर पर बच्चियां नहीं मिलीं। आसपास काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं लग सका।सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस और एसीपी नॉर्थ अशोक मीणा मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया है कि तीनों लड़कियां दोपहर करीब डेढ़ बजे घर से बाहर जाती हुई दिखाई दीं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है और लड़कियों की तलाश के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।










