डेली टीवी, जालंधर/अमृतसर। अमृतसर में इंटरनेशनल बॉडी बिल्डर वरिन्द्र घुम्मन की सर्जरी के दौरान हुई मौत के मामले ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है। 9 अक्टूबर 2025 को फोर्टिस एस्कॉर्ट अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद परिवार ने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए थे।

मामले की जांच के लिए जिला प्रशासन ने विशेषज्ञ डॉक्टरों की एसआईटी गठित की थी। बीते माह प्रस्तुत की गई एसआईटी रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही को मौत का कारण बताया गया।

रिपोर्ट के आधार पर अमृतसर पुलिस ने बीएनएस की धारा 106(1) के तहत चार वरिष्ठ डॉक्टरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आगे की जांच कर रही है और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।











