डेली टीवी, नई दिल्ली। तेल विपणन कंपनियों ने 20 मार्च 2026 से प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में 2 से 2.30 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। हालांकि आम उपभोक्ताओं को राहत देते हुए सामान्य (रेगुलर) पेट्रोल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

पुणे समेत कई शहरों में प्रीमियम पेट्रोल के दाम बढ़ गए हैं। उदाहरण के तौर पर ‘स्पीड’ और ‘पावर’ जैसे वैरिएंट्स की कीमत 111.68 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 113.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इस बढ़ोतरी का असर प्रमुख ब्रांडेड ईंधनों पर पड़ा है, जिनमें Hindustan Petroleum Corporation Limited (एचपीसीएल) का ‘पावर पेट्रोल’ और Indian Oil Corporation Limited (आईओसीएल) का ‘एक्सपी95’ शामिल हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह फैसला मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के चलते लिया गया है। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव ने वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर दबाव डाला है, जिसका असर भारतीय बाजार पर भी दिखाई देने लगा है।
प्रीमियम पेट्रोल मुख्य रूप से बेहतर इंजन परफॉर्मेंस और अधिक माइलेज के लिए उपयोग किया जाता है। कंपनियों ने फिलहाल कीमतों में वृद्धि को इसी श्रेणी तक सीमित रखा है, जिससे सामान्य पेट्रोल उपभोक्ताओं पर सीधा असर न पड़े।
आने वाले समय में ईंधन कीमतों की दिशा अंतरराष्ट्रीय हालात और कच्चे तेल की कीमतों पर निर्भर करेगी।










