डेली टीवी, लुधियाना (सूरज): लुधियाना के बाल सिंह नगर इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 28 वर्षीय बिक्रमजीत ने कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से दो सुसाइड नोट बरामद हुए हैं, जिनमें मृतक ने अपनी मौत के लिए पत्नी काजल और सास राज रानी को जिम्मेदार ठहराया है।

मृतक की मां सरबजीत कौर के अनुसार, बिक्रमजीत की शादी करीब दो महीने पहले काजल से हुई थी, जो उसकी दूसरी शादी थी। यह अरेंज मैरिज थी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही घर में विवाद शुरू हो गए। परिजनों का आरोप है कि पत्नी और उसकी मां लगातार उसे मानसिक रूप से परेशान कर रही थीं।


सुसाइड नोट में पंजाबी में लिखे शब्दों ने सबको झकझोर दिया। मृतक ने लिखा— “मेरी मौत दी जिम्मेवार मेरी पत्नी काजल ते उसदी मां होवेगी। मैं मरना नहीं सी, मेरी घरवाली ने मरन नूं मजबूर करता।”
घटना वाले दिन परिवार के सदस्य नीचे खाना खा रहे थे, जबकि बिक्रमजीत चुपचाप ऊपर अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक नीचे न आने पर जब परिजन कमरे में पहुंचे तो वह पंखे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि पत्नी पिछले दो महीनों से अपनी 6 महीने की बेटी के साथ मायके में रह रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मां के बयानों के आधार पर पत्नी काजल (बाल सिंह नगर) और सास राज रानी (करमसर कॉलोनी) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और 3(5) के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस सुसाइड नोट की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।










