डेली टीवी, जालंधर। पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना में कथित अनियमितताओं पर बड़ा एक्शन लिया गया है। सरकार ने 14 अस्पतालों को योजना की लाभार्थी सूची से बाहर कर दिया है, जिनमें जालंधर का सर्वोदय अस्पताल भी शामिल है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जांच में सामने आया कि कुछ अस्पतालों ने मुफ्त इलाज के बावजूद मरीजों से पैसे वसूले, जबकि कुछ मामलों में फर्जी मरीज भर्ती कर सरकारी योजना से गलत तरीके से भुगतान लिया गया।
सरकार ने दोषी अस्पतालों और संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। किडनी स्कैम को लेकर पहले से चर्चा में रहे कुछ डॉक्टर भी जांच के दायरे में हैं।
इसी दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना की उपलब्धियां भी साझा कीं। उन्होंने बताया कि अब तक 50.30 लाख से अधिक लोगों ने हेल्थ कार्ड बनवाए, जबकि 5.12 लाख से ज्यादा मरीजों को योजना का लाभ मिल चुका है।
योजना के तहत 914 करोड़ रुपये से अधिक का मुफ्त इलाज प्रदान किया गया है। लाभार्थियों में 52% महिलाएं और 68% ग्रामीण क्षेत्रों के मरीज हैं।
सबसे अधिक इलाज दिल की एंजियोप्लास्टी (PTCA), स्टेंट और घुटना प्रत्यारोपण जैसी महंगी सर्जरी के हुए हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिली है।










