डेली टीवी, लुधियाना। पंजाब पुलिस एक बार फिर गंभीर विवादों में घिर गई है। लुधियाना ग्रामीण पुलिस ने महिला पुलिस इंस्पेक्टर की शिकायत पर थाना सुधार के तत्कालीन प्रभारी एवं सब-इंस्पेक्टर साहिबमीत सिंह के खिलाफ दुष्कर्म, शादी का झांसा देकर शोषण, जान से मारने की धमकी और अमानत में खयानत समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में थाना दाखा में एफआईआर दर्ज की है।

मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की कोशिश कर रहा है।
इससे पहले एसएसपी लुधियाना ग्रामीण डॉ. अंकुर गुप्ता ने आरोपी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन जगरांव रिपोर्ट करने के आदेश दिए थे। शिकायतकर्ता महिला इंस्पेक्टर, जो वर्तमान में लुधियाना कमिश्नरेट में तैनात हैं, ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर करीब दो वर्षों तक उनका शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण किया।
शिकायत में यह भी आरोप है कि आरोपी ने नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया, अश्लील फोटो और वीडियो बनाए, उन्हें वायरल करने की धमकी दी तथा जबरन गर्भपात करवाया। महिला अधिकारी का दावा है कि उन्होंने होटल के बिल, फोटो, वीडियो और अन्य दस्तावेजी साक्ष्य वरिष्ठ अधिकारियों को सौंप दिए हैं।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर महिला अधिकारी से लाखों रुपये भी लिए, जिन्हें वापस नहीं किया। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि आरोपी साहिबमीत सिंह को उनके पिता, दिवंगत डीएसपी वरिंदरपाल सिंह, के निधन के बाद अनुकंपा आधार पर सीधे सब-इंस्पेक्टर नियुक्त किया गया था। अब इस मामले ने पूरे पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है।
मामले की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया व जांच के परिणामों पर निर्भर करेगा।










