डेली टीवी, मुक्तसर साहिब। दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के चालीस मुक्तों की पावन स्मृति में पवित्र मुक्तसर की धरती पर मेला माघी श्रद्धा और उत्साह के साथ आरंभ हो गया है। लोहड़ी की रात से ही संगतों का मुक्तसर पहुंचना शुरू हो गया था और अलसुबह से गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब के पवित्र सरोवर में आस्था की डुबकियां लगाने का सिलसिला लगातार जारी है।

कड़ाके की ठंड और 2 से 4 डिग्री तक तापमान के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं देखी गई।संगतों ने चालीस मुक्तों को नमन करते हुए उनकी महान शहादत को याद किया।

श्रद्धालु गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब के साथ-साथ गुरुद्वारा शहीद गंज साहिब, तंबू साहिब, टिब्बी साहिब, दातनसर साहिब और तरनतारन साहिब समेत अन्य ऐतिहासिक गुरुद्वारों में भी नतमस्तक हो रहे हैं।
धार्मिक दीवानों में रागी-ढाड़ी जत्थों द्वारा गुरु यश और सिख इतिहास का गुणगान कर संगतों को निहाल किया जा रहा है।मेला माघी के दौरान धार्मिक समागमों के साथ-साथ 15 जनवरी को भव्य नगर कीर्तन, विशेष ढाड़ी समागम और अमृत संचार का आयोजन भी किया जाएगा।
वहीं मलोट रोड पर मनोरंजन मेला भी शुरू हो गया है, जहां गुरुद्वारों में माथा टेकने के बाद संगतें परिवार संग मेले का आनंद उठा रही हैं। शहर के दानी सज्जनों द्वारा जगह-जगह लगाए गए लंगरों ने संगतों के स्वागत को और भी भावपूर्ण बना दिया है।










