डेली टीवी, फतेहगढ़ साहिब। फतेहगढ़ साहिब स्थित न्यायिक परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पूरे जिले में हड़कंप मच गया। धमकी की सूचना मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं। एहतियात के तौर पर न्यायिक परिसर की एंट्री पूरी तरह बंद कर दी गई और अदालतों में मौजूद वकीलों, कोर्ट स्टाफ व आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरे कोर्ट परिसर को खाली करवा दिया गया। बार एसोसिएशन के सदस्य और कोर्ट कर्मचारी परिसर के बाहर इंतजार करते नजर आए।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां परिसर के हर कोने की गहन जांच कर रही हैं। एहतियातन आसपास के इलाके को भी सील कर दिया गया है।
प्रशासन ने आम जनता से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही अदालतों के कामकाज को लेकर अगला फैसला लिया जाएगा।










