डेली टीवी, होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर में नशे की लत की इंसानियत शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। चिट्टा खरीदने के लिए एक नशेड़ी युवती ने ‘अंकल’ कहकर भरोसे में लेकर एक बुजुर्ग को अपने जाल में फंसा लिया।

11 जनवरी को बस स्टैंड के पास से बहाने से साथ ले जाकर घर के अंदर बुलाया गया, जहां पहले से मौजूद दो युवकों के साथ मिलकर बुजुर्ग को नंगा किया गया और उसकी अश्लील वीडियो बनाई गई। इसके बाद बेरहमी से मारपीट कर चांदी की चेन, पर्स और ATM कार्ड छीन लिया गया।
आरोपियों ने बुजुर्ग को करीब तीन घंटे तक ऑटो में इधर-उधर घुमाया और हस्सी पिंड के ATM तक ले जाकर पिन कोड पूछकर जबरन 25 हजार रुपए निकलवाए। डर के कारण बुजुर्ग ने बैंक से पैसे निकलवाकर उन्हें सौंप दिए, जिनसे आरोपियों ने चिट्टा या अन्य नशा खरीदा।
लुटेरे बुजुर्ग को सुनसान इलाके में छोड़कर फरार हो गए।पीड़ित मंगल सिंह निवासी गांव मलिकपुर बोदला की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना टांडा के SHO गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने बताया कि बयान दर्ज कर लिए गए हैं और CCTV कैमरों की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।










