डेली टीवी, जालंधर। पंजाब के जालंधर स्थित सर्वोदया अस्पताल के डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही और धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं। पीड़ित महिला शीतल ने आरोप लगाया है कि उसे रसौली की समस्या होने के बावजूद अस्पताल के डॉक्टरों ने किडनी रोगी बताकर डायलिसिस शुरू कर दिया और इलाज के नाम पर करीब 8 लाख रुपये वसूल लिए।

महिला का कहना है कि बाद में अन्य अस्पतालों में जांच करवाने पर उसकी किडनी पूरी तरह ठीक पाई गई और डॉक्टरों ने बताया कि उसे डायलिसिस की कोई जरूरत ही नहीं थी। इस मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने अस्पताल के बाहर विरोध जताया और कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार की लिखित शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में अगर अस्पताल या डॉक्टरों की लापरवाही सामने आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।










