डेली टीवी, जालंधर। जालंधर मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की कनाडा के विंडसर शहर में हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावर ने उनके घर में घुसकर चाकू से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद कनाडा सहित भारतीय समुदाय में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली कि विंडसर के टॉड लेन इलाके में रहने वाली नैन्सी ग्रेवाल पर उनके घर के अंदर चाकू से हमला किया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसेक्स-विंडसर आपातकालीन चिकित्सा सेवा की टीम रात करीब साढ़े नौ बजे टॉड लेन के 2400 ब्लॉक में पहुंची। मौके पर गंभीर रूप से घायल नैन्सी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कनाडा पुलिस के अधिकारी माइकल पियर्स ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह एक गंभीर आपराधिक मामला है और पुलिस हर एंगल से इसकी जांच कर रही है।
जांच एजेंसियां हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं और स्थानीय लोगों से भी जानकारी देने की अपील की गई है।
घटना के बाद पुलिस ने टॉड लेन पर कनाडा स्ट्रीट और बिशप स्ट्रीट के बीच के इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया। जिस घर में यह वारदात हुई, वहां से मिले सबूतों को फोरेंसिक टीम ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास के इलाकों में भी पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया है।
बताया जा रहा है कि नैन्सी ग्रेवाल जालंधर की रहने वाली थीं और पिछले कुछ समय से कनाडा में रहकर सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं। वह कई सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखती थीं और अपने वीडियो व पोस्ट के कारण अक्सर चर्चा में रहती थीं।
फिलहाल पुलिस ने हत्या के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है।










