डेली टीवी, स्पोर्ट्स डेस्क | Narendra Modi Stadium
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 विश्व कप फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया। कीवी टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 255 रन ठोक दिए — जो टी20 विश्व कप फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।



भारत को अभिषेक शर्मा (52 रन) और संजू सैमसन (89 रन) ने धमाकेदार शुरुआत दी। दोनों के बीच तेजतर्रार साझेदारी ने मैच की दिशा तय कर दी। ईशान किशन ने 54 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने 8 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाकर स्कोर 250 के पार पहुंचा दिया।

256 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई।
इस जीत के साथ भारत ने तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। इससे पहले टीम 2007 और 2024 में चैंपियन बनी थी।कप्तान सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में मिली यह जीत भारतीय क्रिकेट इतिहास का एक और स्वर्णिम अध्याय बन गई।










