डेली टीवी, अमृतसर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज (15 जनवरी) सिखों के सर्वोच्च तख्त श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष पेश हुए। करीब 40 मिनट तक चली इस पेशी के बाद सीएम मान ने मीडिया से बातचीत में साफ कहा कि उन्होंने कभी भी श्री अकाल तख्त साहिब को चैलेंज नहीं किया।

उन्होंने कहा, “मेरी न तो ऐसी हिम्मत है और न ही औकात कि मैं अकाल तख्त को चुनौती दूं।”मुख्यमंत्री ने बताया कि उनके बयानों को लेकर सोशल मीडिया पर गलत नैरेटिव फैलाया गया। उन्होंने जत्थेदार को स्पष्ट किया कि वायरल हो रही आपत्तिजनक वीडियो पूरी तरह फर्जी है और इसकी किसी भी स्तर पर जांच करवाई जा सकती है।

सीएम ने कहा कि उन्होंने लोगों की भावनाओं का पूरा सम्मान करते हुए अपना पक्ष और स्पष्टीकरण लिखित रूप में जत्थेदार के समक्ष रखा है, जिससे उन्हें आत्मिक सुकून और संतुष्टि मिली है।सीएम मान ने कहा कि अकाल तख्त साहिब की ओर से जो भी निर्देश या फैसला लिया जाएगा, उसकी जानकारी उन्हें बाद में दी जाएगी।
वहीं इस पूरे मामले को लेकर जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने दोपहर 1:30 बजे श्री अकाल तख्त साहिब सचिवालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाने की घोषणा की है।उल्लेखनीय है कि तय समय से पहले ही सीएम मान साढ़े 11 बजे अकाल तख्त सचिवालय पहुंचे थे।
इससे पहले वह नंगे पांव, नजरें झुकाए श्री हरमंदिर साहिब पहुंचे और माथा टेकने के बाद दो बैगों में दस्तावेज लेकर अकाल तख्त सचिवालय में दाखिल हुए। पेशी के दौरान मीडिया को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।










