डेली टीवी, अमृतसर/चंडीगढ़। श्री अकाल तख्त साहिब के सम्मानित जत्थेदार को संबोधित करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पेशी को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि 15 जनवरी को उनका कोई अन्य कार्यक्रम निर्धारित नहीं है और इस बारे में उन्होंने माननीय राष्ट्रपति जी के कार्यालय को भी पहले ही सूचित कर दिया है।

उन्होंने साफ किया कि 15 जनवरी का पूरा दिन श्री अकाल तख्त साहिब को समर्पित रहेगा।
सीएम भगवंत मान ने दो टूक कहा कि पेशी के समय में बदलाव को लेकर न तो उन्होंने और न ही मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से कोई आधिकारिक पत्र या बयान जारी किया गया है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे 15 जनवरी को सुबह 10 बजे श्री अकाल तख्त साहिब में नतमस्तक होकर उपस्थित होने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।मुख्यमंत्री ने यह जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा की।

गौरतलब है कि इससे पहले श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से मुख्यमंत्री की पेशी के समय में बदलाव किए जाने की बात सामने आई थी, जिसके पीछे मुख्यमंत्री की अन्य व्यस्तताओं का हवाला दिया गया था।
हालांकि, सीएम ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि सीएमओ की तरफ से समय बदलने को लेकर कोई आधिकारिक आग्रह नहीं किया गया।मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद यह मामला सियासी और धार्मिक हलकों में चर्चा का केंद्र बन गया है।
अब सभी की निगाहें 15 जनवरी सुबह 10 बजे पर टिकी हैं, जब मुख्यमंत्री भगवंत मान श्री अकाल तख्त साहिब में पेश होंगे।










