डेली टीवी, जालंधर। कनाडा के ओंटारियो प्रांत के विंडसर शहर में पंजाबी मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की हत्या से सनसनी फैल गई है। इस हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर कई चौंकाने वाले दावे सामने आए हैं। कुछ पोस्ट में हत्या की जिम्मेदारी खालिस्तान समर्थक अकाउंट्स द्वारा लेने की बात कही जा रही है, जबकि गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े नाम भी चर्चा में हैं। हालांकि कनाडाई पुलिस ने अभी तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की हर एंगल से जांच जारी है।

जानकारी के मुताबिक नैन्सी ग्रेवाल पर विंडसर के ला साले इलाके में उनके घर के बाहर चाकू से हमला किया गया। देर रात पुलिस को एक महिला के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस और मेडिकल टीम ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुई, जिसमें आकाश हरिके और सुखा संधू नाम के लोगों द्वारा जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पोस्ट में कहा गया कि नैन्सी ग्रेवाल खालिस्तान और सिख धर्म के बारे में कथित तौर पर गलत बयान देती थीं, जिसके कारण यह कार्रवाई की गई। हालांकि इस पोस्ट की सत्यता की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं सोशल मीडिया पर गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से भी इस हत्या की जिम्मेदारी लेने के दावे किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर फैल रही इन बातों की जांच की जा रही है, लेकिन फिलहाल किसी भी दावे को प्रमाणित नहीं माना गया है।
पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। जांच एजेंसियां आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल रिकॉर्ड और डिजिटल सबूतों की जांच कर रही हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से बचें और जांच में सहयोग करें।
नैन्सी ग्रेवाल सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और प्रवासी पंजाबी समुदाय से जुड़े कई मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखती थीं। बताया जा रहा है कि उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं। घटना के बाद उनके परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस घटना ने कनाडा में रह रहे भारतीय और पंजाबी समुदाय के बीच भी चिंता बढ़ा दी है।










