डेली टीवी, जालंधर। जालंधर में भू-माफिया के फर्जीवाड़े का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव नंगल शामा स्थित 17 मरले के प्लॉट की रजिस्ट्री एक मृत व्यक्ति के नाम पर जिंदा दिखाकर करवा दी गई।
आरोपियों ने पहले मृतक जमना दास के नाम से फर्जी आधार कार्ड तैयार कराया, फिर 24 अक्टूबर 2024 को सब-रजिस्ट्रार कार्यालय जालंधर में एक अन्य व्यक्ति को पेश कर 22.10 लाख रुपये में जमीन अपने नाम दर्ज करवा ली। बाद में इंतकाल भी मंजूर करवा लिया गया ताकि कागजों में सौदा पूरी तरह वैध नजर आए।
घोटाले का खुलासा तब हुआ जब विदेश से लौटे विजय भाटिया ने शिकायत दर्ज करवाई। जांच के बाद थाना नवी बारादरी में केस दर्ज किया गया।
पुलिस ने चार आरोपियों को नामजद किया है—एक अज्ञात व्यक्ति जिसने जमना दास का रूप धारण किया, मंदीप कुमार निवासी काकी पिंड (खरीदार व पूर्व पार्षद), हरजिंदर सिंह नंबरदार गांव सपराए (पहला गवाह) और गुरिंदर सिंह निवासी लड़ोआ टांडी (दूसरा गवाह)।
सभी पर धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।










