डेली टीवी, नई दिल्ली/न्यूयॉर्क। हफ्ते की शुरुआत भारतीय शेयर बाजार के लिए भारी गिरावट के साथ हुई। सोमवार को शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 1,555.62 अंक यानी करीब 2% गिरकर 72,977.34 पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 479.95 अंक टूटकर 22,634.55 पर आ गया। इसी दौरान रुपया भी अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 41 पैसे कमजोर होकर पहली बार 93.94 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया।
किन शेयरों में रही सबसे ज्यादा गिरावट?
सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों में टाटा स्टील, एसबीआई, बजाज फाइनेंस, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाइटन और अदानी पोर्ट्स में तेज बिकवाली देखी गई। एचसीएल टेक इस गिरावट भरे सत्र में एकमात्र बढ़त वाला शेयर रहा।
क्यों बढ़ी निवेशकों की चिंता?
मार्केट एक्सपर्ट्स के अनुसार, पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा ईरान को दिए गए 48 घंटे के अल्टीमेटम ने बाजार में घबराहट पैदा की है। निवेशक जोखिम वाले एसेट्स से पैसा निकालकर डॉलर जैसी सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। यही वजह है कि रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया।
तेल और सोने में उतार-चढ़ाव
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 112.9 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना हुआ है, जबकि WTI करीब 98.50 डॉलर पर है। सप्लाई बाधित होने की आशंका से तेल बाजार में अस्थिरता बनी हुई है।वहीं, आमतौर पर सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने में करीब 2% की गिरावट दर्ज की गई, जो मार्जिन कॉल के चलते बिकवाली का संकेत देती है।
एफआईआई की बिकवाली जारीविदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 5,518.39 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,706.23 करोड़ रुपये की खरीदारी की।
इस महीने अब तक एफआईआई करीब 88,180 करोड़ रुपये भारतीय बाजार से निकाल चुके हैं।विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक वैश्विक तनाव कम नहीं होता, तब तक बाजार में उतार-चढ़ाव और दबाव बना रह सकता है।

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच सोमवार को एमसीक्स पर सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। चांदी की कीमत 20400 रुपये गिरकर 2.06 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। वहीं सोने का भाव 9759 रुपये गिरकर 1.34 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी का भाव
वैश्विक बाजार में सोने की कीमतों में बीते एक हफ्ते में तेज गिरावट दर्ज की गई है, जो पिछले 40 वर्षों की सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट मानी जा रही है। कीमतें 5,200 डॉलर से गिरकर 4,354 डॉलर प्रति औंस तक आ गई हैं। बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और मजबूत डॉलर के दबाव में दोनों कीमती धातुओं में बिकवाली देखी गई।










