डेली टीवी, खन्ना। शहर के आनंद नगर इलाके में गुटका साहिब की बेअदबी का मामला सामने आने से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें तीन बच्चों को गुटका साहिब के अंग फाड़कर सड़क पर फेंकते हुए देखा गया। जैसे ही घटना की जानकारी मिली, बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और गहरा रोष व्यक्त किया।

सूचना मिलते ही डीएसपी समराला तरलोचन सिंह और डीएसपी खन्ना विनोद कुमार की अगुवाई में पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। खबर लिखे जाने तक तीनों बच्चों को पुलिस हिरासत में ले चुकी थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

इस बीच, एसजीपीसी की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और गुटका साहिब के अंगों को सम्मानपूर्वक संभाल लिया। एसजीपीसी सदस्य परमजीत सिंह ने घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।शिअद के हलका इंचार्ज यादविंदर सिंह यादू ने कहा कि ऐसी घटनाएं माहौल खराब करने की कोशिश हैं।
वहीं, आम आदमी पार्टी के स्थानीय नेताओं ने भी मौके पर पहुंचकर पुलिस कार्रवाई का समर्थन किया। वार्ड पार्षद हरदीप नीनू ने बताया कि मोहल्ला निवासियों ने मिलकर तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिससे त्वरित कार्रवाई संभव हो सकी।
डीएसपी तरलोचन सिंह ने कहा कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। साथ ही, इलाके में बिना वेरिफिकेशन रह रहे लोगों की भी जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।










