डेली टीवी, मोहाली/जालंधर। मशहूर बॉलीवुड सिंगर बी प्राक को लॉरेंस गैंग की ओर से जान से मारने की धमकी मिली है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नेटवर्क से जुड़े आरोपी आरजू बिश्नोई ने एक हफ्ते के भीतर ₹10 करोड़ की फिरौती मांगी है। धमकी भरे वॉयस मैसेज में कहा गया है कि अगर रकम नहीं दी गई तो गंभीर अंजाम भुगतने होंगे।

पुलिस के मुताबिक यह वॉयस मैसेज सीधे बी प्राक को नहीं, बल्कि उनके करीबी और पंजाबी सिंगर दिलनूर को भेजा गया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को विदेश में बैठकर लॉरेंस गैंग के लिए काम करने वाला बताया और चेतावनी दी कि इसे फेक न समझा जाए, वरना “मिट्टी में मिला देंगे।”
इस मामले को लेकर दिलनूर की शिकायत पर मोहाली पुलिस और साइबर क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू कर दी है। कॉल और वॉयस मैसेज के सोर्स का पता लगाया जा रहा है, जबकि बी प्राक की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
“तेरी मिट्टी” जैसे सुपरहिट गीतों से पहचान बना चुके बी प्राक को मिली धमकी के बाद म्यूजिक इंडस्ट्री में भी चिंता का माहौल है।










