डेली टीवी, अबोहर। शादी के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें राजस्थान के सूरतगढ़ के एक परिवार को सुनियोजित तरीके से जाल में फंसाया गया। मामला तब उजागर हुआ जब लड़के की बारात अबोहर के अजीत नगर पहुंची और दस्तावेजों की जांच के दौरान पता चला कि दुल्हन पहले से दो बार शादी कर चुकी है और उसकी एक बेटी भी है। सच सामने आते ही लड़की और उसका परिवार मौके से फरार हो गया।

पीड़ित परिवार ने बताया कि उनके बेटे को बोलने और सुनने में दिक्कत है। इसी कमजोरी का फायदा उठाते हुए एक महिला ने उनकी मुलाकात अबोहर की एक बिचौलन से करवाई। बिचौलन ने लड़की की शादीशुदा होने की सच्चाई छुपाकर रिश्ता तय करवाया और एक लाख रुपये की मांग रखी। आर्थिक हालात को देखते हुए लड़के वालों ने शर्त मान ली और 10,500 रुपये ऑनलाइन भी ट्रांसफर कर दिए।
27 मार्च को बारात लेकर अबोहर पहुंचे परिवार को कहा गया कि पहले तहसील में कागजी प्रक्रिया पूरी होगी। दस्तावेजों की जांच के दौरान ही लड़की की पिछली शादियों और बेटी की जानकारी सामने आ गई। खुलासे के तुरंत बाद लड़की पक्ष वहां से फरार हो गया।
गुस्साए परिजनों ने बिचौलन और उसके एक रिश्तेदार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। उनका आरोप है कि यह एक संगठित गिरोह है, जो मजबूर और भोले-भाले लोगों को निशाना बनाकर ठगी करता है।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।










