डेली टीवी, जालंधर/जलालाबाद। DIPS स्कूल के मालिक तलविंदर सिंह राजू को जलालाबाद पुलिस ने जमीन सौदे में कथित धोखाधड़ी के मामले में हिरासत में लिया था, लेकिन पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया है। सुबह की गई रेड के बाद पुलिस उन्हें अपने साथ जलालाबाद ले गई थी, जहां कई घंटों तक पूछताछ चली।

मामला 2 कनाल जमीन की खरीद से जुड़ा है, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ 92 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोप है कि कुल रकम में से लगभग 1 करोड़ 90 लाख रुपये का भुगतान किया गया, लेकिन शेष राशि नहीं दी गई।
जमीन मालिक की शिकायत पर तलविंदर राजू, उनकी पत्नी प्रीत इंदर और बिट्टू मक्कड़ समेत करीब 9 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।
पूछताछ में राजू ने दावा किया कि उन्होंने पूरी रकम बिट्टू मक्कड़ को दे दी थी और संबंधित दस्तावेज भी उनके पास हैं, लेकिन पैसे जमीन मालिक तक नहीं पहुंचे। इस बीच चेक जारी करने और भुगतान अधूरा छोड़ने के आरोप भी सामने आए हैं।
फिलहाल राजू को राहत मिल गई है, जबकि उनकी पत्नी प्रीत इंदर और बिट्टू मक्कड़ की भूमिका की जांच जारी है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।










