डेली टीवी, चंडीगढ़/जालंधर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन कानून (FEMA) के कथित उल्लंघन से जुड़े मामले में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनके बेटे रणिंदर सिंह को पूछताछ के लिए समन जारी किया है।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, कैप्टन अमरिंदर सिंह को गुरुवार को जालंधर स्थित ईडी कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है, जबकि रणिंदर सिंह को अगले दिन उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।
सूत्रों का दावा है कि दोनों पर स्विट्जरलैंड के बैंक खाते सहित कुछ विदेशी संपत्तियों के लाभार्थी होने के आरोप हैं। हालांकि यह भी जानकारी सामने आई है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह हाल ही में मोहाली के एक निजी अस्पताल में भर्ती रहे हैं, जिसके चलते उन्हें नई तारीख दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई सितंबर 2025 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के उस आदेश से जुड़ी है, जिसमें आयकर विभाग के आरोप पत्र से संबंधित अभिलेखों के निरीक्षण पर रोक लगाने की उनकी याचिका खारिज कर दी गई थी।
यह मामला वर्ष 2011 में फ्रांस सरकार से मिली सूचना पर आधारित है, जिसमें विदेशी कंपनियों के माध्यम से स्विस बैंक खाते और दुबई की संपत्ति से जुड़े आरोपों का उल्लेख था।
आयकर विभाग ने 2016 में लुधियाना की अदालत में इस संबंध में अभियोजन शिकायत दायर की थी।










