जालंधर में 80 पेटी ‘पंजाब किंग’ शराब बरामद, होलोग्राम और बैच नंबर मिटाकर की जा रही थी सप्लाई; ठेकेदार अविनाश पपलानी सहित दो पर FIR

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ठेकेदार कुणाल सहगल पर शराब लूटने के आरोप झूठे साबित हुए , कुनाल बोले- अवैध तरीके से शराब बेचने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई जरूरी

टाटा मैक्स पिकअप में लोड थी 45 पेटी बोतलें और 35 पेटी अधिये; सूर्य एन्क्लेव अंडरब्रिज के पास स्पेशल सेल ने पकड़ी गाड़ी, आबकारी विभाग की जांच के बाद एक्साइज एक्ट और BNS की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज

 

डेली टीवी, जालंधर। जालंधर में शराब की सप्लाई से जुड़े एक मामले में पुलिस कमिश्नरेट के स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 80 पेटी ‘पंजाब किंग’ ब्रांड की शराब बरामद की है। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब की बोतलों पर लगे होलोग्राम और बैच नंबर मिटाए गए थे, जिससे उनकी पहचान संदिग्ध हो गई थी। पुलिस ने शराब से लदी टाटा मैक्स पिकअप गाड़ी को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार किया। आबकारी विभाग से कानूनी राय लेने के बाद पुलिस ने शराब के लाइसेंसधारक अविनाश पपलानी और गाड़ी चालक बलराम के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

सूर्य एन्क्लेव अंडरब्रिज के पास नाकाबंदी के दौरान पकड़ी गाड़ी

 

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 11 नवंबर 2026 की रात करीब 11 बजे स्पेशल सेल की टीम सब-इंस्पेक्टर मनजिंदर सिंह के नेतृत्व में गश्त कर रही थी। टीम में एएसआई एल. राम लाल, सी-2 नवदीप सिंह, सीनियर कांस्टेबल धवसीर सिंह, सीनियर कांस्टेबल लवदीप सिंह और कांस्टेबल हरप्रीत सिंह शामिल थे।

 

इस दौरान पुलिस ने सूर्य एन्क्लेव अंडरब्रिज के पास सफेद रंग की टाटा मैक्स पिकअप गाड़ी नंबर PB-07-CG-2081 को रोककर तलाशी ली। गाड़ी में पंजाब किंग ब्रांड की कुल 80 पेटियां शराब लदी हुई थीं। पुलिस ने चालक से शराब ले जाने का परमिट मांगा, लेकिन वह कोई परमिट पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी और शराब को अपने कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।

45 पेटी बोतलें और 35 पेटी अधिये बरामद

 

पुलिस के मुताबिक, बरामद शराब में 45 पेटियां बोतलों की थीं, जिनमें प्रत्येक पेटी में 12 बोतलें थीं। इसके अलावा 35 पेटियां अधियों (पौवों) की थीं, जिनमें प्रत्येक पेटी में 50 पौवे थे। इस तरह कुल 540 बोतलें और 1,750 पौवे बरामद हुए।

 

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि शराब की सभी बोतलों पर लगे होलोग्राम और बैच नंबर मिटाए हुए थे। इससे शराब की पहचान और उसकी सप्लाई को लेकर संदेह पैदा हुआ। इसके बाद पुलिस गाड़ी और शराब को स्पेशल सेल ले आई।

 

चालक ने बताया- एक ठेके से दूसरे ठेके पर ले जा रहा था शराब

 

पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में चालक बलराम पुत्र पलविंदर कुमार निवासी गांव नीले वड़े रत्तेवाल, जिला शहीद भगत सिंह नगर ने बताया कि वह शराब को सुच्ची पिंड-2 (लंबा पिंड ग्रुप के एल-2/एल-11ए ठेके) से लोड करके सुच्ची पिंड-3 ले जा रहा था।

 

इसके बाद स्पेशल सेल ने बरामद शराब के संबंध में कानूनी कार्रवाई के लिए 12 नवंबर 2026 को पत्र नंबर 3055P के माध्यम से सहायक कमिश्नर आबकारी, जालंधर रेंज-1 से कानूनी राय मांगी।

 

आबकारी विभाग ने लाइसेंसधारक की बताई नियमों की उल्लंघना

 

सहायक कमिश्नर आबकारी जालंधर रेंज-1 ने अपने जवाबी पत्र नंबर 706 आबकारी, दिनांक 12 नवंबर 2026 में बताया कि पंजाब आबकारी एक्ट 1914 और संबंधित आबकारी नियमों के अनुसार शराब की बोतलों के होलोग्राम और बैच नंबर मिटाना नियमों का उल्लंघन है।

 

आबकारी विभाग के अनुसार, पंजाब लिकर लाइसेंस रूल्स 1956 के रूल 37(23) के तहत लाइसेंसधारक शराब की बिक्री के लिए खरीदी गई बोतलों के लेबल और कैप्सूल के साथ छेड़छाड़ नहीं कर सकता। विभाग ने यह भी बताया कि शराब की बल्क सेल और निर्धारित रिटेल बिक्री की सीमा से संबंधित नियमों का उल्लंघन किया गया है। विभाग ने लाइसेंसधारक के खिलाफ पंजाब आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करने की सिफारिश की।

 

अविनाश पपलानी और चालक बलराम के खिलाफ FIR

 

आबकारी विभाग की कानूनी राय मिलने के बाद स्पेशल सेल के सब-इंस्पेक्टर मनजिंदर सिंह ने 12 नवंबर 2026 को थाना रामा मंडी में मामला दर्ज करवाने के लिए लिखित शिकायत भेजी। पुलिस ने लंबा पिंड सर्कल के लाइसेंसधारक अविनाश पपलानी और चालक बलराम के खिलाफ पंजाब आबकारी एक्ट की धारा 61(1)(14) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज किया है।

 

मामले की आगे की जांच के लिए FIR की कॉपी और मूल दस्तावेज संबंधित जांच अधिकारी को सौंप दिए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की पेटियों के होलोग्राम और बैच नंबर किसने मिटाए और इस सप्लाई के पीछे अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं

Aditya Bhatt
Author: Aditya Bhatt

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें