डेली टीवी, नई दिल्ली। केंद्रीय बजट से ठीक पहले आम जनता और कारोबारियों को महंगाई का एक और झटका लगा है। तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 49 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है, जो 1 फरवरी से लागू हो गई है।

इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 1691.50 रुपये से बढ़कर 1740.50 रुपये का हो गया है। कोलकाता में यह 1795 रुपये से बढ़कर 1844.50 रुपये, मुंबई में 1642.50 रुपये से बढ़कर 1692 रुपये और चेन्नई में 1849.50 रुपये से बढ़कर 1899.50 रुपये में मिलेगा।
इस फैसले का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पड़ने की आशंका है। हालांकि, राहत की बात यह है कि 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है और दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई सहित देश के प्रमुख शहरों में घरेलू गैस की दरें स्थिर बनी हुई हैं।










