डेली टीवी, नई दिल्ली/पंजाब। संत गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 फरवरी को पंजाब का दौरा करेंगे। इस दौरान आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदलकर ‘श्री गुरु रविदास जी एयरपोर्ट, आदमपुर’ रखा जाएगा, ताकि महान संत और समाज सुधारक को श्रद्धांजलि दी जा सके।

इसके साथ ही PM मोदी लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट पर बने नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन भी करेंगे।
लुधियाना का पुराना एयरपोर्ट छोटी रनवे के कारण सीमित क्षमता वाला था, जहां केवल छोटे विमान ही संचालित हो सकते थे।
बेहतर हवाई कनेक्टिविटी और बड़े विमानों के संचालन को ध्यान में रखते हुए हलवारा में नया सिविल एन्क्लेव विकसित किया गया है।
यहां की लंबी रनवे A320 जैसे विमानों की आवाजाही के लिए उपयुक्त है, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।










