डेली टीवी, जालंधर। जालंधर में काउंटर इंटेलिजेंस को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने अंतरराज्यीय अवैध हथियार सप्लाई मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए उत्तर प्रदेश से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 7.65 एमएम के 10 देसी पिस्तौल और 20 मैगजीन बरामद की गई हैं।

जांच में खुलासा हुआ है कि इससे पहले बीकेआई (BKI) के दो ऑपरेटिव्स को बलाचौर के पास तीन ग्रेनेड और एक आईईडी लगाने के मामले में पकड़ा गया था। यही आईईडी बाद में हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ थाना विस्फोट में इस्तेमाल हुआ था।
आरोपी विदेशी हैंडलर्स के निर्देश पर हथियार सप्लाई करने के साथ-साथ गढ़शंकर में एक ट्रैवल एजेंट के घर पर रंगदारी के लिए फायरिंग में भी शामिल थे। लगातार जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तार यूपी निवासी आरोपी जर्मनी और अमेरिका में बैठे अपराधियों के इशारे पर पंजाब के गैंगों को हथियार मुहैया करा रहे थे।
प्रारंभिक जांच में विदेशी नेटवर्क के साथ मजबूत कड़ियों की पुष्टि हुई है, जो पंजाब में आतंकी और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। इस मामले में थाना एसएसओसी अमृतसर में केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच जारी है।
पंजाब पुलिस ने दोहराया है कि राज्य में शांति, सुरक्षा और अपराधमुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










