डेली टीवी, जगराओं। गांव जंडी (सिधवां बेट) में हुई हरजिंदर सिंह की हत्या के मामले में पुलिस जांच ने चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। पहले इस वारदात में बेटे की भूमिका सामने आई थी, लेकिन अब खुलासा हुआ है कि मृतक की पत्नी तरनजीत कौर उर्फ तनी भी इस साजिश की मास्टरमाइंड थी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई के लिए अदालत में पेश किया जाएगा।

थाना सिधवां बेट के प्रभारी हमराज सिंह के अनुसार, 17 मार्च की आधी रात को हरजिंदर सिंह की हत्या उसके बेटे जसकरन सिंह उर्फ जस्सू ने अपने दो साथियों गुरप्रीत सिंह उर्फ काका और धरमिंदर सिंह उर्फ गिआनी (निवासी गांव लीला मेघ सिंह) के साथ मिलकर की थी।
पूछताछ के दौरान जसकरन ने कबूल किया कि जमीन-जायदाद के विवाद को लेकर यह साजिश रची गई थी और इसमें उसकी मां भी बराबर की भागीदार थी।
हत्या के बाद आरोपियों ने खुद को बचाने के लिए घर में रोने-बिलखने का नाटक किया, लेकिन पुलिस की सख्त पूछताछ में सच्चाई सामने आ गई। अलग-अलग बयानों में विरोधाभास मिलने के बाद पूरा षड्यंत्र उजागर हुआ।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरजिंदर सिंह और उसकी दूसरी पत्नी के बीच संपत्ति के बंटवारे को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। मृतक ने अपने परिजनों को पहले ही खतरे की आशंका जताई थी। पुलिस के मुताबिक, प्रॉपर्टी में अधिक हिस्सा पाने की लालच ने बेटे और मां को इस खौफनाक कदम तक पहुंचा दिया।
मामले में पुलिस गहन जांच कर रही है और अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।










