डेली टीवी, चंडीगढ़। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पंजाब में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 11 स्थानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई पूर्व डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर और उनसे जुड़े लोगों के खिलाफ चल रही जांच के तहत की गई।

ईडी की टीमें चंडीगढ़, लुधियाना, पटियाला, नाभा और जालंधर में आरोपियों, उनके सहयोगियों और संदिग्ध बेनामी संपत्तियों से जुड़े ठिकानों पर पहुंचीं। अधिकारियों के मुताबिक, इस रेड का मकसद अवैध कमाई से जुड़ी संपत्तियों का पता लगाना और मनी लॉन्ड्रिंग के सबूत जुटाना है।
बताया जा रहा है कि यह मामला सीबीआई द्वारा दर्ज केस से जुड़ा है, जिसमें आरोप है कि एक आपराधिक केस को सुलझाने के लिए बिचौलिए के जरिए रिश्वत मांगी गई थी। इसके अलावा, आय से अधिक संपत्ति के पहलू की भी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि हरचरण सिंह भुल्लर पंजाब पुलिस में डीआईजी पद पर तैनात रह चुके हैं और उन्हें अक्टूबर 2025 में सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और आने वाले समय में और खुलासे हो सकते हैं।










