डेली टीवी, जालंधर। आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ जालंधर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वेस्ट हलके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शहनाई पैलेस रोड स्थित एक मोबाइल शॉप पर देर रात छापेमारी की, जहां मोबाइल कारोबार की आड़ में ऑनलाइन सट्टेबाजी का अवैध नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।
मोबाइल, लैपटॉप और नकदी बरामद
रेड के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, लैपटॉप और नकदी बरामद की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोबाइल विक्रेता केशव मदान, जसनूर और उनके एक अन्य साथी के रूप में हुई है।
भोले-भाले लोगों को बना रहे थे निशाना
एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया के अनुसार आरोपी लोगों को पैसे दोगुने करने का लालच देकर ऑनलाइन सट्टेबाजी की ओर आकर्षित कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि केशव अपने साथियों के साथ मिलकर दुकान के भीतर से पूरा बेटिंग नेटवर्क चला रहा था।
पूछताछ जारी, बड़े खुलासों की उम्मीद
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल उनसे गहन पूछताछ की जा रही है और जांच एजेंसियों को इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की उम्मीद है। पुलिस का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।










