डेली टीवी, जालंधर। गोराया (जालंधर) में रंगदारी नेटवर्क का आतंक एक बार फिर सामने आया है। डीपी ज्वैलर्स के मालिक मुकंद लाल के घर और दुकान पर अज्ञात बदमाशों ने देर रात फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह वारदात 1 करोड़ रुपये की रंगदारी न देने के चलते की गई।सूत्रों के मुताबिक ज्वैलर को पहले भी विदेशी नंबरों से धमकी भरी कॉल और मैसेज मिल रहे थे। रकम न मिलने पर बदमाशों ने फायरिंग कर डर का माहौल बनाने की कोशिश की।

राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई घायल नहीं हुआ।पुलिस का मानना है कि हमलावरों ने पहले रेकी की और फिर सुनियोजित ढंग से वारदात को अंजाम दिया। जांच एजेंसियां इस मामले को पंजाब और विदेश बैठे गैंगस्टरों से जुड़े रंगदारी सिंडिकेट से जोड़कर देख रही हैं। सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

लगातार ऐसी घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। व्यापार मंडलों और नेताओं ने सरकार से कानून-व्यवस्था मजबूत करने और रंगदारी गैंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।










