डेली टीवी, जालंधर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित पंजाब दौरे को लेकर भाजपा नेताओं के अलग-अलग बयानों से भ्रम की स्थिति बन गई है। शुक्रवार को चंडीगढ़ पहुंचे दिल्ली सरकार के मंत्री व भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि PM मोदी 2 फरवरी को पंजाब आएंगे।

वहीं इससे पहले केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने दावा किया था कि PM 1 फरवरी को शाम करीब 4 बजे जालंधर पहुंचेंगे और डेरा सचखंड बल्लां में माथा टेकेंगे। इसी दिन वह लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट का वर्चुअली उद्घाटन भी करेंगे।

जालंधर भाजपा नेता केडी भंडारी ने भी स्पष्ट किया कि पार्टी 1 फरवरी को ही दौरा मानकर तैयारियां कर रही है।
डेरा बल्लां से भावनात्मक जुड़ाव, AAP सरकार पर हमला
मनजिंदर सिरसा ने कहा कि PM मोदी का डेरा सचखंड बल्लां से गहरा भावनात्मक जुड़ाव है और वह श्री गुरु रविदास जी की जयंती के अवसर पर वहां माथा टेकने आएंगे तथा प्रमुख संत निरंजन दास से आशीर्वाद लेंगे।
इस दौरान सिरसा ने आम आदमी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह बिगड़ चुका है।
दिनदहाड़े गोलियां चल रही हैं, छीना-झपटी की घटनाएं बढ़ रही हैं और आम लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे।










