डेली टीवी, जालंधर। भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय खाद्य निगम (FCI) के भोगपुर कार्यालय में तैनात तकनीकी सहायक रूही बाला कालिया को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

विजिलेंस ब्यूरो के अनुसार, यह कार्रवाई गुरु तेग बहादुर राइस मिल, नंगल फिदा (भोगपुर) के मैनेजर की शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि खरीद सीजन 2025-26 के दौरान मिल को धान की 49,086 बोरियां अलॉट हुई थीं, जिनमें से 1,160 बोरियां (दो खेपों में) FCI को भेजने के बाद भी क्लीयर नहीं की जा रही थीं।
आरोप है कि आरोपी ने इन खेपों को पास करने के बदले पहले 25 हजार रुपये की मांग की और इससे पहले भी पुरानी खेपों की क्लीयरेंस के लिए 50 हजार रुपये रिश्वत ले चुका था। मजबूरी में सौदा 20 हजार रुपये में तय हुआ, जिसकी बातचीत शिकायतकर्ता ने रिकॉर्ड कर ली।
रिश्वत नहीं देना चाहने पर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो से संपर्क किया। योजनाबद्ध जाल बिछाकर आरोपी को सरकारी गवाहों की मौजूदगी में रिश्वत लेते हुए धर दबोचा गया।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना जालंधर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।










