डेली टीवी, जालंधर। जालंधर में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता उस समय और बढ़ गई जब एक ही दिन दो फायरिंग की घटनाओं के बाद अब स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल गई। होली से ठीक पहले आई इस धमकी ने अभिभावकों और प्रशासन दोनों की नींद उड़ा दी है।

जानकारी के मुताबिक शहर के एपीजे स्कूल और Police DAV Public School समेत कई शिक्षण संस्थानों को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई। मेल में होली के दिन “खून की होली” खेलने जैसी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही ट्रेनों को निशाना बनाने का भी जिक्र किया गया, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
ईमेल मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। स्कूलों में तुरंत सर्च ऑपरेशन चलाया गया, बच्चों को एहतियातन बाहर निकाला गया और बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वायड की टीमों को बुलाया गया।
पुलिस ने मामले की जांच साइबर सेल को सौंप दी है और ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।










