डेली टीवी, नोएडा। Noida में सोमवार को वेतन वृद्धि की मांग को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। पिछले तीन-चार दिनों से जारी आंदोलन ने उग्र रूप ले लिया, जब गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने कई वाहनों में आग लगा दी, पुलिस पर पथराव किया और कंपनियों में तोड़फोड़ की।

सेक्टर-84 में चार गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया, जबकि फेज-2, सेक्टर-59, 62 और 63 समेत कई इलाकों में सड़कों पर जाम लगा दिया गया। इससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मदरसन कंपनी के पास भी आगजनी और हिंसा की घटनाएं सामने आईं।


स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। पथराव में कई पुलिसकर्मी और कमांडो घायल हुए हैं। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर हालात पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है।
रविवार को प्रशासन ने बैठक कर मांगों पर विचार का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद हजारों श्रमिक सड़कों पर उतर आए। महिला कर्मचारी भी धरने पर बैठी नजर आईं। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।










