डेली टीवी, नई दिल्ली: आम लोगों की रसोई पर महंगाई की एक और मार पड़ी है। घरेलू एलपीजी (LPG) सिलिंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 7 जून से लागू हो गई हैं। इसके बाद दिल्ली में 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है।

गौरतलब है कि पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले 7 मार्च को सिलिंडर के दाम 60 रुपये बढ़ाए गए थे। बताया जा रहा है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती ईंधन कीमतों के कारण तेल कंपनियों पर लागत का दबाव बढ़ा है।
सूत्रों के अनुसार, बढ़ोतरी से पहले कंपनियों को हर घरेलू सिलिंडर पर करीब 703 रुपये का नुकसान हो रहा था।अब लगातार बढ़ती गैस कीमतों से आम उपभोक्ताओं की रसोई का बजट और बिगड़ने की आशंका है।










