डेली टीवी, मोहाली। मोहाली में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब कई नामी निजी स्कूलों और फोर्टिस अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल मिले। सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस, बम निरोधक दस्ता और एंटी-सैबोटाज टीमें तुरंत हरकत में आ गईं।

स्कूल परिसरों और अस्पताल में घंटों चली तलाशी के बाद किसी भी तरह की विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।धमकी भरे ई-मेल में फोर्टिस अस्पताल का विशेष रूप से उल्लेख किया गया था, जहां पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान उपचाराधीन हैं।
इसके चलते अस्पताल परिसर, आसपास के इलाकों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। एहतियातन कुछ स्कूलों में छुट्टी घोषित कर छात्रों को सुरक्षित घर भेजा गया, जबकि अभिभावकों में काफी चिंता देखी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये धमकी भरे ई-मेल विदेशी सर्वर के माध्यम से भेजे गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि यह राज्य में भय का माहौल बनाने की साजिश हो सकती है।
इससे पहले भी पंजाब और पड़ोसी राज्यों के कई शहरों में इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जो बाद में फर्जी साबित हुई थीं। फिलहाल साइबर क्राइम टीमें ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही हैं और भेजने वालों की पहचान करने में जुटी हैं।
पुलिस ने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, फिर भी संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। मामले की जांच जारी है।










