डेली टीवी, जालंधर। जालंधर के भार्गव कैंप इलाके में घरेलू विवाद के दौरान पुलिस कार्रवाई विवादों में घिर गई है। आरोपी युवक को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर महिला के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोप लगे हैं।

घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद पुलिस कमिश्नर ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ASI प्रवीन कुमार समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस झगड़े के एक मामले में आरोपी रोहित को पकड़ने उसके घर पहुंची थी। आरोप है कि युवक को सोते हुए घर से बाहर खींचा गया और उसके साथ मारपीट की गई।
जब उसकी मां ममता ने विरोध किया तो एक पुलिसकर्मी ने उन्हें बालों से पकड़कर घर से बाहर घसीट दिया और गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। यह पूरा घटनाक्रम पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जिसके वायरल होते ही मामला तूल पकड़ गया।

मामले पर संज्ञान लेते हुए पंजाब राज्य महिला आयोग ने जालंधर की पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर से निष्पक्ष जांच रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने संबंधित अधिकारियों को 24 मार्च 2026 को चंडीगढ़ कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिए हैं।
घटना के बाद इलाके में लोगों ने विरोध जताया और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










