डेली टीवी, जालंधर। पंजाब के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार गेहूं खरीद सीजन के दौरान किसानों का एक-एक दाना खरीदेगी।
इस वर्ष 122 लाख मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य रखा गया है, जबकि 132 लाख मीट्रिक टन तक आवक संभालने के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

सरकार ने 30,973 करोड़ रुपये की कैश क्रेडिट लिमिट सुरक्षित कर ली है। राज्यभर में 1,897 मंडियां स्थापित की गई हैं और बंपर फसल को देखते हुए अतिरिक्त अस्थायी केंद्र भी बनाए गए हैं।

गेहूं का एमएसपी 2,585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है और किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान का आश्वासन दिया गया है।
मंत्री ने कहा कि बारदाना, भंडारण, लिफ्टिंग और परिवहन के पर्याप्त प्रबंध कर लिए गए हैं ताकि 8 लाख से अधिक किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने अधिकारियों को मंडियों में साफ-सफाई, पानी, रोशनी और अन्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।










