डेली टीवी, जालंधर: राजस्थान के श्रीगंगानगर में पकड़ी गई करीब 10 किलो हेरोइन की खेप की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। श्रीगंगानगर पुलिस ने जालंधर के सैदां गेट निवासी 33 वर्षीय हरप्रीत सिंह उर्फ टेंजी को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया कि टेंजी ने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हेरोइन मंगवाने के लिए दुबई के हवाला नेटवर्क के जरिए ₹9 लाख एडवांस भेजे थे। पेमेंट कन्फर्म होने के बाद पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में हेरोइन की खेप पहुंचाई गई।

पूरे मामले का खुलासा 26 जून 2026 को राजस्थान के जैतसर थाना पुलिस द्वारा लुधियाना के धर्मेंद्र सिंह उर्फ बब्बू और जसविंदर सिंह उर्फ जस्सी की गिरफ्तारी के बाद हुआ। दोनों आरोपियों से 9 किलो 908 ग्राम हेरोइन और ₹1.40 लाख ड्रग मनी बरामद हुई थी।
इसके बाद मुख्य सप्लायर अमरजीत सिंह उर्फ अंबी (सरपंच) और सिमरजीत सिंह उर्फ सिमर को रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसमें हवाला नेटवर्क का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि टेंजी अंतरराष्ट्रीय हवाला रैकेट की अहम कड़ी है, जो दुबई के जरिए पाकिस्तान में बैठे ड्रग सप्लायरों तक रकम पहुंचाता था। इसके बाद हेरोइन की मात्रा, डिलीवरी की तारीख और ड्रोन ड्रॉप की योजना तय की जाती थी।
राजस्थान पुलिस अब टेंजी से गहन पूछताछ कर पंजाब-राजस्थान से जुड़े पूरे ड्रग और हवाला नेटवर्क की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।










