डेली टीवी, चंडीगढ़/मोहाली। मोहाली में पंजाब सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना को लॉन्च कर दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने योजना का शुभारंभ किया।

इस योजना के तहत पंजाब के हर परिवार को सालाना ₹10 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलेगा, जिससे करीब 65 लाख परिवारों और लगभग 3 करोड़ लोगों को सीधा लाभ होगा।योजना में न तो आय की कोई शर्त रखी गई है और न ही उम्र की कोई सीमा।

आधार और वोटर कार्ड के जरिए पूरा परिवार इस योजना का लाभ उठा सकेगा। सरकारी के साथ-साथ सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी इलाज पूरी तरह मुफ्त होगा।
इस मौके पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब कोई भी पंजाबी बीमारी के कारण नहीं मरेगा। वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि इस स्कीम में हर घर शामिल है और सभी बड़ी बीमारियों जैसे दिल, किडनी, कैंसर, डिलीवरी और सर्जरी का इलाज कवर किया गया है।
सरकार के अनुसार, 900 से अधिक अस्पताल योजना में शामिल किए जा चुके हैं।










