डेली टीवी, जालंधर। समस्तपुर स्थित जेएस फार्म में करोड़ों रुपये की गेहूं खराब होने के मामले में फूड सप्लाई विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करतारपुर में तैनात इंस्पेक्टर अनिल और प्रवीण सल्लण को सस्पेंड कर दिया है। जिला फूड कंट्रोलर नरेंद्र सिंह ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार, जेएस फार्म के गोदाम में रखी गेहूं के खराब होने को लेकर पहले थाना मकसूदां में फार्म मालिक उपकार सिंह होठी के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
आरोप था कि विभागीय टीम को मौके पर निरीक्षण के दौरान रोका गया। उस समय इंस्पेक्टर प्रवीण सल्लण के बयानों के आधार पर कार्रवाई की गई थी।
हालांकि अब विभागीय जांच में दोनों इंस्पेक्टरों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। आरोप है कि गेहूं के रखरखाव और संरक्षण में लापरवाही बरती गई, जिसके चलते भारी नुकसान हुआ।
सूत्रों के मुताबिक, जेएस फार्म के साथ पनग्रेन का कोई लिखित समझौता नहीं था और करीब 11 महीनों से किराया भी लंबित था। फार्म की जिम्मेदारी केवल जगह उपलब्ध कराने तक सीमित थी, जबकि गेहूं की सुरक्षा और देखभाल विभाग के अधीन थी।
सुरक्षा कर्मी तैनात होने के बावजूद रखरखाव की उचित व्यवस्था नहीं की गई, जिससे गेहूं खराब हो गई।
इस कार्रवाई के बाद फूड सप्लाई विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी तंत्र पर सवाल उठ रहे हैं। मामले में आगे और जांच की संभावना जताई जा रही है।










