डेली टीवी, जालंधर। शहर में एक कारोबारी पर रेप और भारी भरकम ठगी के आरोप लगने से मामला चर्चा में आ गया है। पीड़ित महिला ने एसीपी को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और करीब 80 लाख रुपये की ठगी की।

अब वह समझौते का दबाव बना रहा है, लेकिन वह कानूनी कार्रवाई से पीछे नहीं हटेगी। महिला के अनुसार, उसकी मुलाकात कारोबारी से एक जिम में हुई थी।
आरोपी ने खुद को पारिवारिक रूप से परेशान बताते हुए भरोसा जीता। उसने कहा कि वह शादीशुदा है, उसकी दो बेटियां हैं और उसकी पत्नी कनाडा में रहती है। महिला का आरोप है कि भावनात्मक रूप से प्रभावित कर उससे संबंध बनाए गए।
पीड़िता ने यह भी दावा किया कि सोशल मीडिया पर उसकी फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। उसने संबंधित आईपी एड्रेस पुलिस को सौंप दिए हैं और साइबर जांच की मांग की है।
दूसरी ओर, आरोपी व्यापारी ने सभी आरोपों को झूठा बताते हुए कहा है कि वह जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करेगा।
पुलिस के मुताबिक, थाना-7 के प्रभारी मामले की जांच कर रहे हैं। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










