डेली टीवी, जालंधर। जालंधर के प्रसिद्ध शक्तिपीठ देवी तालाब एवं त्रिपुरमालिनी मंदिर को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, सुरक्षा कर्मियों और स्निफर डॉग स्क्वॉड ने मंदिर परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

फिलहाल जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।धमकी भरे ई-मेल में खुद को “खालिस्तान नेशनल आर्मी” बताने वाले संगठन ने पंजाब के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की बात कही है। साथ ही कुछ मार्गों पर यात्रा न करने की चेतावनी भी दी गई है।
उल्लेखनीय है कि देवी तालाब मंदिर 51वें शक्तिपीठ त्रिपुरमालिनी मंदिर के रूप में श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं।वहीं एसीपी राकेश शर्मा ने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर सभी स्थानों की नियमित जांच की जा रही है और मामले की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।










