डेली टीवी, चंडीगढ़। चंडीगढ़ पुलिस ने शनिवार देर रात नाके के दौरान एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अंबाला के एक कारोबारी की कार से 1 किलो 214 ग्राम सोना और 1.42 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं।

इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने कॉलोनी नंबर-4 के लाइट प्वाइंट के पास शक के आधार पर होंडा अमेज कार को रोका। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से सोना (बार के रूप में) और भारी मात्रा में नकदी छिपाकर रखी मिली।
थाना प्रभारी सतनाम सिंह के अनुसार, कार चालक की पहचान अंबाला निवासी जगमोहन जैन के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान वह सोना और नकदी से जुड़े सभी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
हालांकि उसने कुछ ऑनलाइन बिल दिखाए, लेकिन पूरे माल का रिकॉर्ड नहीं दे पाया। कारोबारी ने बताया कि वह गोल्ड सप्लाई का काम करता है और चंडीगढ़ में सप्लाई देकर वापस अंबाला जा रहा था।
पुलिस ने मामले की सूचना आयकर विभाग को दे दी है। जांच के बाद कारोबारी को छोड़ दिया गया है।










